चाय बेचने वाले के बेटे का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने हाशिए पर धकेला: भाजपा अध्यक्ष

चाय बेचने वाले के बेटे का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने हाशिए पर धकेला: भाजपा अध्यक्ष

चाय बेचने वाले के बेटे का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने हाशिए पर धकेला: भाजपा अध्यक्ष
Modified Date: July 4, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: July 4, 2026 9:31 pm IST

लखनऊ, चार जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लखनऊ में चाय की एक मशहूर दुकान पर पहुंचे और कहा कि वर्ष 2014 में एक चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री चुना गया, जबकि उनका मजाक उड़ाने वालों को जनता ने राजनीति के हाशिए पर धकेल दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ नवीन ने दुकान पर चाय पी और लोगों से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर जनता के बीच चर्चा शुरू हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पृष्ठभूमि का ज़िक्र करते हुए नवीन ने कहा कि लोगों ने 2014 में एक चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री बना दिया, लेकिन उनका मजाक उड़ाने वालों को जनता ने राजनीति के हाशिए पर धकेल दिया, इसलिए अब चाय वाले का कोई मजाक नहीं उड़ाता।

भाजपा अध्यक्ष ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘2027 के लिए बिगुल बज चुका है। चाय हर घर का हिस्सा है। लोगों ने चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री बनाया और जो लोग उनका मजाक उड़ाते थे, वे अब हाशिए पर हैं।’

नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने मेहनती लोगों और समृद्ध खान-पान की संस्कृति के लिए जाना जाता है और राज्य के युवाओं ने अपनी मेहनत से पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार, दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर, उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के लिए काम कर रही है और राज्य प्रधानमंत्री के विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

यह दावा करते हुए कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने लगभग नौ लाख युवाओं को रोज़गार दिया है, उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास में एक बड़े योगदानकर्ता के रूप में उभर रहा है।

इससे पहले नवीन ने राज्य के अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना की।

नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ में हैं, इस दौरान उनके वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें करने की उम्मीद है ताकि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति को बेहतर बनाया जा सके और नव गठित राज्य इकाई का मार्गदर्शन किया जा सके।

भाषा आनन्द

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में