प्रधानमंत्री को खुद मिसाल बननी चाहिए, भाजपा नेताओं से दान की अपील करें: अजय राय
प्रधानमंत्री को खुद मिसाल बननी चाहिए, भाजपा नेताओं से दान की अपील करें: अजय राय
लखनऊ, 11 मई (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान इंदिरा गांधी द्वारा राष्ट्रीय रक्षा कोष में 336 ग्राम सोना दान किए जाने का उदाहरण देते हुए सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय हित में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं से दान देने की अपील करनी चाहिए।
लखनऊ स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में राय ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील कर रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश किसी आर्थिक संकट या आपात स्थिति से गुजर रहा है, तो प्रधानमंत्री ठीक दो घंटे बाद गुजरात में रोड शो क्यों कर रहे हैं।
राय ने कहा, ‘‘मोदी जी को सबसे पहले अपना काफिला छोटा करना चाहिए। वह रोज दर्जनों गाड़ियों के साथ रोड शो करते हैं, जिससे भारी मात्रा में ईंधन की खपत होती है। आज भी सोमनाथ मंदिर के बाहर रोड शो किया गया।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ‘‘झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं और चुनाव खत्म होने के बाद सच बता रहे हैं।’’
राय ने कहा, ‘‘अगर देश की हालत खराब थी तो चुनाव से पहले क्यों नहीं बताया गया? यह जनता के साथ धोखा है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा के 12 वर्षों के शासन में महंगाई बढ़ी है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री और स्कूलों की फीस महंगी हुई है। प्रधानमंत्री की अपील से सर्राफा कारोबारियों और ट्रैवल एजेंसियों से जुड़े लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।’’
राय ने कहा, ‘‘70 दिन से युद्ध जारी है, लेकिन प्रधानमंत्री को देश की चिंता तब हुई, जब पांच राज्यों के चुनाव समाप्त हो गए। जिसे जनता से ज्यादा चुनाव प्यारे हों, उससे संवेदनशीलता की उम्मीद बेमानी है।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ईंधन का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने, सोने की खरीद और विदेश यात्राएं कम करने की अपील की थी।
भाषा आनन्द खारी
खारी

Facebook


