मेरठ में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, एक महिला समेत पांच गिरफ्तार
मेरठ में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, एक महिला समेत पांच गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) मेरठ जिले के थाना रेलवे रोड क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भटीपुरा देवपुरी स्थित इब्राहीम शाह मस्जिद के पास एक मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मुखबिरों और स्थानीय शिकायतों के माध्यम से मिल रही थी। उन्होंने बताया कि इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना रेलवे रोड के प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में माजिद मलिक, दानियाल उर्फ साहिल, शगुफ्ता खान, शाकिर और ताबिश शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आरोप है कि मुख्य आरोपी इरशाद पठान उर्फ पिंकू पठान अपनी पत्नी शगुफ्ता खान और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपने घर में देह व्यापार चलाता था, जबकि अन्य आरोपी ग्राहकों की व्यवस्था में सहयोग करते थे।
प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने मौके से चार मोबाइल फोन, एक सीसीटीवी डीवीआर, 4200 रुपये नकद, एक स्कूटी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
भाषा सं सलीम शोभना
शोभना

Facebook


