कौशांबी में जंगल में 10 गोवंश के अवशेष पाए गए, पुलिस जांच में जुटी
कौशांबी में जंगल में 10 गोवंश के अवशेष पाए गए, पुलिस जांच में जुटी
कौशांबी (उप्र), चार जुलाई (भाषा) कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर जंगल में शनिवार को कथित तौर पर 10 गोवंश के अवशेष पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सूचना पर पुलिस व बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और गोवंश के कथित अवशेषों का पोस्टमार्टम करने के लिए पशु चिकित्सकों की टीम बुलाई गई है।
सैनी थाना क्षेत्र स्थित धुमाई गांव के बाहर जंगल में 10 से अधिक गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पाकर सिराथू के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र तिवारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय गौ रक्षक परिषद के जिलाध्यक्ष राजवीर मौर्य अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे।
मौर्य ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगभग एक माह से गोवंश की हत्या और गोवंश की मांस तस्करी से संबंधित गतिविधियों की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि गोवंश के अवशेष किसी अन्य स्थान से लाकर जंगल में फेके गए हैं।
उन्होंने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
सीओ ने कहा कि गोवंश के अवशेषों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।
भाषा सं आनन्द संतोष
संतोष

Facebook


