Janmashtami In Mathura/Image Credit: AI
Janmashtami In Mathura: मथुरा: जन्माष्टमी पर्व से कुछ दिन पहले मथुरा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आगरा जोन के सभी जिलों से अतिरिक्त पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। इसके अलावा और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर स्थित मंदिरों समेत सभी प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी का पर्व चार सितंबर को मनाया जाएगा। वहीं, नंदगांव में यह पर्व पांच सितंबर को मनाया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार श्री कृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह परिसर में तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यह सुरक्षा व्यवस्था तीन जोन में बांटी गई है। ‘रेड जोन’ में मंदिर और ईदगाह क्षेत्र शामिल हैं, ‘येलो जोन’ में इसके आसपास का क्षेत्र और ‘ग्रीन जोन’ में शहर का बाकी हिस्सा शामिल है। रेड जोन में केंद्रीय सुरक्षा बल, येलो जोन में प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) और बाकी क्षेत्रों में राज्य पुलिस सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेगी। (Janmashtami In Mathura) कुमार ने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी जैसे विशेष त्योहारों के दौरान राज्य पुलिस श्रद्धालुओं की व्यवस्था और सुचारू दर्शन की व्यवस्था संभालती है। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के लिए तैनात विशेष पुलिस बल को 17 अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा। कुमार ने कहा, ‘हर जोन की निगरानी एक एसपी स्तर के अधिकारी करेंगे, जबकि हर सेक्टर की जिम्मेदारी डीएसपी स्तर के अधिकारी के पास होगी। उनकी सहायता के लिए निरीक्षक, उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तैनात रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की मदद के लिए पुलिस की महिला शाखा की अधिकारी और कर्मचारी भी तैनात की जाएंगी।’
Janmashtami In Mathura: अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा अग्निशमन दल, बम निरोधक दस्ता, खुफिया इकाइयां और खोजी कुत्तों के दस्ते भी विशेष रूप से तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, आगरा, बरेली, भरतपुर (राजस्थान) और ग्वालियर से आने वालों के लिए यातायात का मार्ग बदला जाएगा। कुमार ने बताया कि शहर के बाहर से आने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा जन्माष्टमी के दिन शहर के अंदर श्री कृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा, ‘मथुरा-वृंदावन की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर 125 से अधिक बैरियर लगाए जाएंगे और वाहनों को निर्धारित अस्थायी पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पैदल जाना होगा।’ उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण जन्मस्थान परिसर समेत सभी प्रमुख स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। वहीं, सादी वर्दी में तैनात खुफिया टीम संदिग्ध लोगों पर नजर रखेगी। एसएसपी ने बताया कि भीड़ पर दूर से नजर रखने के लिए निगरानी टावर भी लगाए जा रहे हैं।
इन्हें भी पढ़ें:-