संभल में कथित रंगदारी वसूलने वाले ‘बाबा गैंग’ के छह आरोपी गिरफ्तार
संभल में कथित रंगदारी वसूलने वाले ‘बाबा गैंग’ के छह आरोपी गिरफ्तार
संभल (उप्र) आठ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल में पुलिस ने कथित तौर पर शौक और मौज-मस्ती के लिए लोगों से रंगदारी वसूलने वाले ‘बाबा गैंग’ का भंडाफोड़ करते हुए शुक्रवार को उसके छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह में 25-30 युवा हैं, जो व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘बाबा गैंग’ नाम से ग्रुप चलाते थे।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी-दक्षिणी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि छह मई को जूनावई थानाक्षेत्र के रामपाल ने तहरीर दी थी कि अंकित, अवधेश और 10-15 अज्ञात लोगों ने उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी तथा रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
रावत के अनुसार इस तहरीर पर थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया तथा जांच के बाद आज गैंग के छह सदस्यों– अंकित, अवधेश, कुलदीप, अमन, सुरेंद्र और प्रिंस को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने 25-30 युवाओं का ‘बाबा’ नामक एक ग्रुप व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बना रखा है।
उन्होंने कहा कि ये लोग अपने शौक एवं मौज-मस्ती के लिए लोगों से रंगदारी वसूलते हैं।
एएसपी ने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेजा जा रहा है तथा बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


