सोनभद्र में दो नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षक निलंबित, प्राथमिकी दर्ज
सोनभद्र में दो नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षक निलंबित, प्राथमिकी दर्ज
सोनभद्र (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के कोन विकास खंड के एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक और कक्षा तीन की दो नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया। आरोपी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि कोन ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक टीपू सुल्तान ने छोटी बच्चियों के साथ अभद्र कृत्य किया।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पीड़िताओं और स्कूल के अन्य बच्चों से पूछताछ की गई तो प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
अधिकारी ने बताया कि जिस विद्यालय का संचालन आरोपी कर रहा था, उसे खंड शिक्षा अधिकारी कोन के निर्देश पर पहले ही बंद किया जा चुका था। यह कृत्य सरकारी सेवक आचरण नियमावली का उल्लंघन और पद की गरिमा के विपरीत है। जांच के बाद आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।
कोन के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित बच्चियों के परिजनों की तहरीर पर एक जुलाई को आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पीड़ित बच्चियों की उम्र नौ वर्ष और छह वर्ष है।
परिजनों ने आरोपी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


