पोस्टर लगाकर अखिलेश यादव को बताया ‘महिला विरोधी’, सपा प्रमुख ने भाजपा पर किया तंज

पोस्टर लगाकर अखिलेश यादव को बताया 'महिला विरोधी', सपा प्रमुख ने भाजपा पर किया तंज

पोस्टर लगाकर अखिलेश यादव को बताया ‘महिला विरोधी’, सपा प्रमुख ने भाजपा पर किया तंज
Modified Date: May 26, 2026 / 07:24 pm IST
Published Date: May 26, 2026 7:24 pm IST

शाहजहांपुर (उप्र), 26 मई (भाषा) शाहजहांपुर नगर में सोमवार की रात समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ‘महिला विरोधी’ करार देने वाले पोस्टर लगाये गये, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह पोस्टर फाड़कर फेंक दिये।

सपा प्रमुख ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खुद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ही महिला विरोधी करार दिया। बहरहाल, जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सदर बाजार थाना क्षेत्र में लगाये गये पांच बड़े होर्डिंग में अखिलेश यादव की तस्वीरों के साथ उन्हें महिला विरोधी बताते हुए तल्ख बातें लिखी गई थीं।

उन्होंने बताया कि सुबह जैसे ही सपा के लोगों को जानकारी हुई उन्होंने इन होर्डिंग्स को फाड़कर फेंक दिया।

सूत्रों के अनुसार लगाई गई होर्डिंग्स में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लाल टोपी पहने हुए दिखाया गया जबकि कुछ में मुस्लिम धर्म से जुड़ी टोपी पहने हुए दिखाया गया है।

उन्होंने बताया कि होर्डिंग्स में ‘महिला विरोधी सपाई’, ‘बेटियों की चीख, गुंडों का शोर, सपा राज में यही था दौर’, तथा ‘नारी का अपमान सत्ता का अभिमान अब सपा की यही पहचान’ जैसे संदेश लिखे गए थे।

सूत्रों ने बताया कि हालांकि पोस्टर पर इसके प्रकाशक, मुद्रक या किसी संगठन का नाम नहीं लिखा था।

इस मामले को लेकर सपा के जिला अध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है जिसमें कहा गया है कि इस पूरे मामले की सघन जांच कराकर पोस्टर लगाने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत ने मंगलवार को बताया कि समाजवादी पार्टी ने आज इस मामले में ज्ञापन दिया है और उन्हें जैसे ही जानकारी मिली उन्होंने इस संबंध में पुलिस विभाग को लिखा है कि वह इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराये।

इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

लखनऊ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने शाहजहांपुर में खुद के महिला विरोधी होने संबंधी पोस्टर लगाए जाने को लेकर भाजपा पर तंज किया और कहा, ”उनके पास महिला नहीं हैं, वह खुद ही महिला विरोधी हैं।”

उन्होंने कहा, ”यह बताइए क्या महिला आरक्षण को हमने रोका है? समाजवादियों ने तो महिलाओं के लिए आरक्षण से जुड़े विधेयक को पारित कराया था और उन्हें आरक्षण देने की बात कही थी। हम तो कह रहे हैं कि महिलाओं को वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आरक्षण दिया जाए।”

भाषा सं. सलीम पारुल संतोष

संतोष


लेखक के बारे में