प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार को रोकने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाएगा : जयंत चौधरी
प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार को रोकने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाएगा : जयंत चौधरी
मुरादाबाद (उप्र), चार जून (भाषा) केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार को रोकने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाएगा।।
चौधरी ने यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए युवाओं के कौशल विकास की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र रोजगार और उद्यमिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित कर रहा है।
चौधरी ने गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयास किये जायेंगे।
उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों के बारे में कहा, ‘‘परीक्षाओं में कदाचार को रोकने और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के संचालन में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी का तेजी से उपयोग किया जाएगा।’’
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
चौधरी को अपराह्न तीन बजे जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन वह शाम करीब पांच बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने करीब 30 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया।
भाषा सं जफर धीरज
धीरज

Facebook


