करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद : तीन कथित तस्कर गिरफ्तार
करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद : तीन कथित तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) सहारनपुर जिले के नकुड़ क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक संयुक्त अभियान में करीब चार करोड़ 76 लाख रुपये मूल्य की स्मैक बरामद करके तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने यहां बताया कि स्थानीय पुलिस, एंटी नारकोटिक्स प्रकोष्ठ, विशेष कार्य दल और निगरानी दलों ने अम्बेहटा पीर इलाके में एक बिजली उप केंद्र के पास तीन लोगों को संदेह के आधार पर रोककर उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से चार करोड़ 76 लाख रुपये मूल्य की दो किलो 380 ग्राम स्मैक बरामद की गयी।
उन्होंने बताया कि इस बरामदगी के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनकी पहचान सनी, अरसलान और हर्षित के रूप में की गयी है।
पाठक ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10 लाख 30 हजार रुपये नकद, एक इलेक्ट्रिक तराजू, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पाठक ने बताया कि पुलिस पकड़े गये तस्करों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और उनके गिरोह के अन्य सम्पर्कों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


