बरेली में करंट लगने से छात्र समेत तीन की मौत, महिला गंभीर रूप से झुलसी
बरेली में करंट लगने से छात्र समेत तीन की मौत, महिला गंभीर रूप से झुलसी
बरेली (उप्र), दो मई (भाषा) बरेली जिले के ग्रामीण इलाकों में दो अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से एक छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश और अधीक्षण अभियंता ग्रामीण ज्ञानेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये घटनाएं तकनीकी कारणों से हुईं तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
पहली घटना में अलीगंज थानाक्षेत्र के सूदनपुर गांव में शनिवार सुबह 11 हजार वोल्ट का करंट घरों में आ गया।
परिवार के सदस्य आर पी सिंह के मुताबिक, 17 वर्षीय सुभाष स्कूल जाने के लिए घर से निकल रहा था, तभी दरवाजे के पास करंट की चपेट में आ गया।
आर पी सिंह के अनुसार सुभाष के शरीर से आग निकलने लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुभाष 10वीं कक्षा का छात्र था और अलीगंज के सरस्वती विद्या इंटर कॉलेज में पढ़ता था।
आर पी सिंह ने बताया कि बेटे को बचाने दौड़ीं मां सुनीता देवी (37) भी करंट से गंभीर रूप से झुलस गईं । उन्होंने कहा उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत नाजुक बनी हुई है।
इसी दौरान पड़ोस में कुंवरपाल (24) चारपाई से उठकर जमीन पर पैर रखते ही करंट की चपेट में आ गए। कुंवरपाल दिव्यांग थे और दर्जी का काम करते थे। उनकी भी मौके पर मौत हो गई।
हादसे में एक घर में चार्ज हो रहे ई-रिक्शा में आग लग गई। कई घरों के बिजली उपकरण और बल्ब भी जल गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी 11 हजार वोल्ट का करंट घरों में आ चुका है, तब केवल सामान का नुकसान हुआ था।
एक अन्य घटना में क्योलड़िया थानाक्षेत्र के अंबरपुर गांव में रंजीत (22) की करंट लगने से मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, रंजीत घर के आंगन में तार पर कपड़े सूखने के लिए डाल रहा था, तभी करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजनों ने कहा कि वे उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रंजीत की शादी को एक साल भी पूरा नहीं हुआ था।
पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


