जौनपुर में टावर से गिरकर युवक की मौत मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
जौनपुर में टावर से गिरकर युवक की मौत मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
जौनपुर (उप्र), 22 मई (भाषा) जौनपुर जिले में जमीन की पैमाइश से नाराज युवक के मोबाइल टावर से गिरकर मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अपर ज़िलाधिकारी (एडीएम) के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवार का सहयोग कर रहा है। जांच समिति में एडीएम (वित्त एवं राजस्व), परियोजना निदेशक (डीआरडीए) और उप संचालक (चकबंदी) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिवार को पारिवारिक लाभ योजना, कृषक दुर्घटना बीमा योजना और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेश सिंह के अनुसार, बक्शा थाना क्षेत्र के उतरेजपुर गांव निवासी श्रीप्रकाश यादव (30) बृहस्पतिवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। वह अपनी जमीन की दोबारा पैमाइश कराकर उसे चिह्नित कराने की मांग कर रहा था। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह मांग पर अड़ा रहा।
इसके बाद राजस्व टीम ने मौके पर जमीन की नाप शुरू की। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे श्रीप्रकाश यादव अचानक टावर से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बात की।
मृतक के भाई जयशंकर यादव ने बताया कि जमीन की पैमाइश को लेकर 2016 में एसडीएम अदालत में धारा-24 के तहत आवेदन किया था। आरोप है कि 2019 में गलत तरीके से पैमाइश कर दी गई। इसके बाद सही पैमाइश के लिए लगातार अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन दूसरे पक्ष के रसूखदार होने के कारण सुनवाई नहीं हुई।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला

Facebook


