बिजनौर में रंजिश के चलते हत्या के आरोप में चिकित्सक समेत तीन लोग गिरफ्तार
बिजनौर में रंजिश के चलते हत्या के आरोप में चिकित्सक समेत तीन लोग गिरफ्तार
बिजनौर, सात मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने एक चिकित्सक की हत्या के मामले में एक अन्य चिकित्सक समेत तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा ने संवाददाताओं को बताया कि नगीना में शिवालय हेल्थ केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. राजकुमार की हत्या के मामले में आरोपी चिकित्सक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, डॉ. राजकुमार की पांच मार्च की शाम को उनके हॉस्पिटल के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कथित हमलावर विकास मरीज बनकर अस्पताल में घुसा था और पैथोलॉजी रिपोर्ट दिखाने का नाटक करते हुए चिकित्सक को गोली मार दी थी।
पुलिस अधीक्षक झा ने कहा, ‘जांच में पता चला कि डॉ. राजकुमार और आरोपी डॉ. नीरज ने मिलकर चार साल पहले सुमित्रा हॉस्पिटल शुरू किया था। हालांकि, पैसे की दिक्कतों के कारण, डॉ. राजकुमार ने बाद में अपना अलग हॉस्पिटल खोल लिया। इससे डॉ. नीरज के यहां आने वाले मरीजों की संख्या में काफी कमी आई।’
उन्होंने बताया कि पेशवर रंजिश के चलते, डॉ. नीरज ने कथित तौर पर अपने चालक विकास को डॉ. राजकुमार की हत्या करने के लिए 10 लाख रुपये में तय किया था।
सूत्रों के अनुसार इस काम को अंजाम देने के लिए दो लाख रुपये पहले ही दे दिए गए थे। पुलिस ने डॉ. नीरज, शूटर विकास और राजन नाम के एक तीसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार आपूर्ति करने का आरोप है। उनके पास से दो पिस्तौल और दो लाख रुपये की फिरौती की रकम बरामद की गई है।
भाषा
सं, आनन्द
रवि कांत

Facebook


