तेज रफ्तार कार के दीवार से टकराकर पलट जाने से तीन युवकों की मौत

तेज रफ्तार कार के दीवार से टकराकर पलट जाने से तीन युवकों की मौत

तेज रफ्तार कार के दीवार से टकराकर पलट जाने से तीन युवकों की मौत
Modified Date: May 21, 2026 / 10:44 am IST
Published Date: May 21, 2026 10:44 am IST

मऊ (उप्र), 21 मई (भाषा) मऊ के घोसी थाना क्षेत्र के बलुआ पोखरा गांव स्थित लेखपाल भवन के पास एक तेज रफ्तार कार के दीवार से टकराकर पलट जाने से तीन युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात घोसी थाना क्षेत्र के बलुआ पोखरा स्थित लेखपाल भवन के पास हुई जब घोसी की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक घर की दीवार से टकरा गई।

पुलिस के मुताबिक वाहन में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को घोसी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान नवापुरा निवासी रियाज अहमद (26), इटौरा कोपागंज के रामाशीष यादव (28) और राहुल यादव (30) के रूप में हुई है।

घायल आकाश यादव (25) की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया ।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी संभावित कारणों से घटना की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं जफर वैभव

वैभव


लेखक के बारे में