उप्र : मवेशियों को सड़कों पर लावारिस छोड़ने वाले पशु मालिकों पर जुर्माना
उप्र : मवेशियों को सड़कों पर लावारिस छोड़ने वाले पशु मालिकों पर जुर्माना
संभल (उप्र), 26 अगस्त (भाषा) संभल नगर पालिका ने सड़कों से मवेशियों को हटाने के अभियान के तहत फैसला किया है कि सड़क पर मवेशियों को लावारिस छोड़ने वाले पशुपालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और बार-बार नियम तोड़ने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है।
नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर अपने मवेशियों को छोड़ने के लिए अब तक पांच मवेशी मालिकों पर कुल 12,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर निकाय लावारिस मवेशियों को भी पकड़ रहा है और उन्हें कासिमपुर गौशाला में स्थानांतरित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने और उन्हें गोशालाओं में रखने का अभियान लगातार चला रहा है। पशुपालकों को भी बार-बार सलाह दी जा रही है कि वे अपने मवेशियों को बांधकर और अपने परिसर के भीतर रखें।
प्रकाश ने बताया कि फिलहाल सड़क पर लावारिस हालत में पाए जाने वाले प्रत्येक मवेशी पर 2,500 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। यदि पशुपालक निर्देशों का उल्लंघन जारी रखते हैं तो जुर्माना बढ़ाकर 5,000 रुपये और उसके बाद 10,000 रुपये किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ”अगर वे (पशुपालक) फिर भी अनुपालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।”
नगर निकाय ने कहा कि प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा और सार्वजनिक सड़कों पर अपने जानवरों को लावारिस छोड़ने वाले मवेशी मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर मनीषा शोभना
शोभना

Facebook


