उप्र : बांदा में युवक ने मां और भाई की गोली मारकर हत्या की
उप्र : बांदा में युवक ने मां और भाई की गोली मारकर हत्या की
बांदा, 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू कस्बे में रविवार दोपहर एक व्यक्ति ने अपनी मां और छोटे भाई की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बांदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पलाश बंसल ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे बबेरू पुलिस को सूचना मिली कि तहसील परिसर के पीछे रहने वाले राजकिशोर मिश्रा ने अपनी मां शांति (60) और छोटे भाई देवीदीन (35) को गोली मार दी है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के पिता ने अपनी कुछ पुश्तैनी जमीन बेच दी थी, जिसका वह विरोध कर रहा था। इसी विवाद और मनमुटाव के चलते रविवार को उसने घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


