उप्र: आवारा पशुओं के हमले में मां-बेटे की मौत
उप्र: आवारा पशुओं के हमले में मां-बेटे की मौत
भदोही, आठ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में आवारा पशुओं के हमले में मां और बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गोपीगंज थाना क्षेत्र के पर्वतपुर गांव में शुक्रवार को किराना की दुकान से खाद्य सामग्री लेकर लौट रही विनीता सिंह (55) और उनके बेटे प्रांशु सिंह (25) मोटरसाइकिल पर बैठने जा रहे थे कि तभी सड़क पर मौजूद आवारा पशुओं के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि एक सांड ने दोनों को सींग से उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डंडे मारकर पशुओं के झुंड को वहां से भगाया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद घायल मां-बेटे को अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के एक अस्पताल भेज दिया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


