उप्र: ‘जन भवन’ से साइकिल रैली के जरिये प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश
उप्र: ‘जन भवन’ से साइकिल रैली के जरिये प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश
लखनऊ, आठ अगस्त (भाषा) ‘उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शनिवार को जन भवन से साइकिल रैली निकाली गई और इस रैली में शामिल प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
जन भवन द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में जन भवन के करीब 150 कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
बयान के मुताबिक, रैली का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से जुड़े विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देशन में रैली जन भवन से रवाना होकर लखनऊ के विभिन्न वार्डों से गुजरते हुए वापस जन भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान विभिन्न पड़ावों पर लोगों को नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया गया।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में नशे के खिलाफ जागरूकता को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक भागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है और साइकिल रैली इसी प्रयास का हिस्सा थी।
राज्य मद्यनिषेध अधिकारी आर.एल. राजवंशी ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि साइकिल रैली के माध्यम से आम लोगों तक यह संदेश पहुंचाया गया कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


