उप्र : हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, छह श्रमिकों की मौत, तीन घायल
उप्र : हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, छह श्रमिकों की मौत, तीन घायल
(फोटो के साथ)
हमीरपुर, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा हमीरपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच तड़के लगभग तीन बजे हुआ। घटना के समय कई श्रमिक पुल के स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे। उत्तर प्रदेश राज्य पुल निगम लिमिटेड के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में लापरवाही (कर्तव्य के निर्वहन में) के आरोप में एक सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक घटनास्थल पर पहुंचे तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी गोयल ने संवाददाताओं को बताया कि दो वर्ष पहले शुरू हुई इस परियोजना का निर्माण कार्य एक निजी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हुए हैं, जिन्हें मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मलबा हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे दबा न हो।
गोयल ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार शाम को आंधी-तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी। ग्रामीणों और कर्मचारियों को सतर्क करने के लिए गांवों में मुनादी भी कराई गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।”
उन्होंने कहा, “प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
अधिकारियों ने बताया कि जिले में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गयी थी।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड, हमीरपुर के उप परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार ने कहा, ‘दिन में अत्यधिक गर्मी के कारण रात में निर्माण कार्य किया जा रहा था, जबकि तेज आंधी चलने की चेतावनी पहले ही जारी की गयी थी। लापरवाही के आरोप में सहायक अभियंता गजेंद्र चौधरी को निलंबित कर दिया गया है।’
इस बीच, हमीरपुर सदर के विधायक ने कहा कि इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं और जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
राजेंद्र, जफर रवि कांत

Facebook


