उप्र : युवती ने प्रेमी पर लगाया धोखा देने का आरोप, युवक की दूसरी महिला से शादी रुकवाने अमेठी पहुंची

उप्र : युवती ने प्रेमी पर लगाया धोखा देने का आरोप, युवक की दूसरी महिला से शादी रुकवाने अमेठी पहुंची

उप्र : युवती ने प्रेमी पर लगाया धोखा देने का आरोप, युवक की दूसरी महिला से शादी रुकवाने अमेठी पहुंची
Modified Date: April 22, 2026 / 04:16 pm IST
Published Date: April 22, 2026 4:16 pm IST

अमेठी (उप्र),22 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में रहने वाली एक युवती ने जिले के अमेठी थाना क्षेत्र के मोचवा गांव निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया है तथा पुलिस से दूसरी महिला से होने वाली उसकी शादी रुकवाने की मांग की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता दिल्ली में काम करती थी और मूल रूप से बहराइच जिले की रहने वाली है।

अधिकारियों के मुताबिक युवती ने दावा किया कि उसकी मुलाकात अमेठी के मोचवा गांव के निवासी मोहित विश्वकर्मा से एक शॉपिंग मॉल में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे और दोनों के बीच संबंध बन गए।

युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और दो बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता के आधार कार्ड में अपना नाम पति के रूप में दर्ज कराया था।

शिकायत के अनुसार, बाद में विश्वकर्मा ने उसे दिल्ली में छोड़ दिया और अपने गांव लौट आया, जहां अब वह दो मई को एक अन्य महिला से शादी करने वाला है। यह जानने पर, महिला अमेठी आयी और तीन दिनों तक उसके घर पर रही, लेकिन कथित तौर पर उसके परिवार के सदस्यों ने उसे बाहर निकाल दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि 21 अप्रैल को एक शिकायत मिली थी और प्रारंभिक सत्यापन में आरोपी की पहचान की पुष्टि हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपों की जांच की जा रही है और निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा सं जफर धीरज

धीरज


लेखक के बारे में