उप्र : चंदौली में मोटरसाइकिल ने एक साइकिल को मारी टक्कर, महिला की मौत

Ads

उप्र : चंदौली में मोटरसाइकिल ने एक साइकिल को मारी टक्कर, महिला की मौत

  •  
  • Publish Date - October 17, 2025 / 07:25 PM IST,
    Updated On - October 17, 2025 / 07:25 PM IST

चंदौली, 17 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण साइकिल पर सवार 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त करने के साथ ही उसके चालक को भी पकड़ लिया है। यह घटना जिले के सकलडीहा-अलीनगर मार्ग पर बथावर गांव के पास स्थित एक पुलिया के समीप अपराह्न करीब तीन बजे हुई।

थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव के मुताबिक महादेवपुर गांव के निरहू राम (65) अपनी पत्नी शिवकुमारी (60) को साइकिल से लेकर सकलडीहा कस्बे में गैस एजेंसी पर गये थे। वहां ‘केवाईसी’ (अपने ग्राहक को जानो) की प्रक्रिया कराने के बाद पत्नी को साइकिल पर पीछे बैठाकर घर लौट रहे थे।

इसी बीच, बथावर गांव के समीप तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी जिससे शिवकुमारी सड़क पर जा गिरी और उनके माथे व नाक में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोग शिवकुमारी को अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत