यूपीटीईटी 2026 का परिणाम घोषित, 13.3 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल

यूपीटीईटी 2026 का परिणाम घोषित, 13.3 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल

यूपीटीईटी 2026 का परिणाम घोषित, 13.3 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल
Modified Date: August 27, 2026 / 12:45 am IST
Published Date: August 27, 2026 12:45 am IST

लखनऊ, 26 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में 13.3 लाख से अधिक अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

आयोग के अनुसार, प्राथमिक स्तर पर उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 प्रतिशत, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर 71.85 प्रतिशत रहा।

यूपीईएसएससी के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा दो और तीन जुलाई को प्रतिदिन दो पालियों में तथा चार जुलाई को एक पाली में आयोजित की गई थी। इस तरह 60 जिलों के 955 केंद्रों पर कुल पांच पालियों में परीक्षा हुई।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पंजीकरण को देखते हुए परीक्षा तीन दिनों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।

बयान के मुताबिक, प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 5,71,435 यानी 80.07 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए।

उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए और इनमें से 7,59,513 यानी 71.85 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए।

परीक्षा में शामिल कार्यरत शिक्षकों में प्राथमिक स्तर पर 1,22,405 अभ्यर्थियों में से 93,387 (76.29 प्रतिशत) तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 अभ्यर्थियों में से 1,13,384 (77.45 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए।

आयोग ने बताया कि परिणाम परीक्षा अधिसूचना में निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन या सामान्यीकरण प्रक्रिया के तहत तैयार किया गया है।

कुमार ने कहा कि आयोग ने 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली परीक्षा को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘परिणाम अधिसूचना में निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया का पालन करते हुए तैयार किया गया है।’’

अभ्यर्थी अपना परिणाम यूपीईएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

भाषा

सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में