उप्र : गोरखपुर में शादी समारोह में विवाद के बाद हिंसक झड़प, एक युवक की मौत
उप्र : गोरखपुर में शादी समारोह में विवाद के बाद हिंसक झड़प, एक युवक की मौत
गोरखपुर, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर गाने बजाने और भोजन को लेकर हुए विवाद के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मैरिज हॉल में हुई, जहां नगर निगम के एक कर्मचारी की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत डीजे पर बज रहे गानों को लेकर हुई। बाद में रात के भोजन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई, जब बारात में शामिल एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसे चिकन का ‘लेग पीस’ नहीं परोसे जाने पर आपत्ति जताई।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किया तथा बेल्ट, बांस की लाठियों और तलवारों से हमला किया, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान मेहमान जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। झड़प में शाहपुर की आवास विकास कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि नेपाली नामक एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, सुमित की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। वह एक मोबाइल फोन की दुकान पर काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और मैरिज हॉल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि शरीर पर किसी गहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


