उत्तर प्रदेश की राज्यपाल ने छात्रों से छात्राओं की शैक्षणिक सफलता से सीख लेने को कहा

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल ने छात्रों से छात्राओं की शैक्षणिक सफलता से सीख लेने को कहा

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल ने छात्रों से छात्राओं की शैक्षणिक सफलता से सीख लेने को कहा
Modified Date: July 28, 2026 / 12:48 am IST
Published Date: July 28, 2026 12:48 am IST

जौनपुर (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छात्रों से छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का सोमवार को आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में स्वर्ण पदक हासिल करने के मामले में छात्राएं लगातार छात्रों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस बार के परिणामों से स्पष्ट है कि स्वर्ण पदक जीतने वाली छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि छात्र अब भी केवल शोध के क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं।

उन्होंने छात्रों से अधिक मेहनत करने और छात्राओं की लगन, अनुशासन तथा समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं, अपने सपनों को साकार कर रही हैं और अपने भविष्य के निर्माण के प्रति पहले से अधिक गंभीर एवं जागरूक हैं।

पटेल ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां बांटने वाले संस्थान नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केंद्र हैं।

भाषा जफर आशीष

आशीष


लेखक के बारे में