उत्तर प्रदेश में ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ अभियान चलाएगी सरकार
उत्तर प्रदेश में ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ अभियान चलाएगी सरकार
लखनऊ, सात सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ अभियान शुरू करेगी। इसके तहत राज्य के सभी सह-स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों, बाल वाटिकाओं और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में कहानी सुनाने और सुनने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुनियादी शिक्षा की मजबूत नींव बाल वाटिका स्तर से तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को सहज, आनंदमय और रचनात्मक अनुभव से जोड़ा जा रहा है।
बयान में कहा गया कि ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ गतिविधि का उद्देश्य कहानी के माध्यम से बच्चों में सुनने, समझने, अपनी बात रखने, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच की क्षमता विकसित करना है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के निर्देश पर जारी कार्यक्रम में बाल वाटिका के साथ-साथ डायट स्तर पर भी गतिविधियों के आयोजन और स्थानीय नवाचारों को शामिल करने पर बल दिया गया है।
सरकार के अनुसार, यह पहल बाल वाटिका स्तर पर सीखने की प्रक्रिया को बच्चों के अनुभव, संवाद और रचनात्मकता से जोड़ते हुए बुनियादी साक्षरता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत आधार देने के लिए सीखने की प्रक्रिया को आनंद और रचनात्मकता से जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ जैसी गतिविधियों से बाल वाटिका के बच्चों में भाषा कौशल, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि कहानी बच्चों के सीखने, सोचने और अपनी बात कहने का सहज माध्यम है।
उन्होंने कहा कि यह गतिविधि बाल वाटिका में बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ साक्षरता की मजबूत नींव तैयार करने में सहायक होगी।
भाषा
आनन्द रवि कांत

Facebook


