उप्र : कई जिलों में तेज हवाएं चली, गरज के साथ बारिश

उप्र : कई जिलों में तेज हवाएं चली, गरज के साथ बारिश

उप्र : कई जिलों में तेज हवाएं चली, गरज के साथ बारिश
Modified Date: March 20, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: March 20, 2026 9:22 pm IST

लखनऊ, 20 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बृहस्पतिवार शाम से ही तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से सटे ज्यादातर जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तथा बिजली गिरी जिससे तापमान में काफी गिरावट आई।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र-लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि इस मौसम का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड में बने रहने की संभावना है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।

राज्य के फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और इटावा समेत 27 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि मौजूदा मौसम से अगले दो दिनों में तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हुई और शहर का अधिकतम तापमान घटकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जोकि सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24-48 घंटों के दौरान बीच-बीच में बारिश, गरज के साथ तूफान और तेज हवाओं चलने के साथ मौजूदा स्थिति बने रहने की संभावना है।

आंकड़ों के मुताबिक, हमीरपुर में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद बरेली और शाहजहांपुर प्रत्येक में 24 मिमी बारिश, अलीगढ़ में 24 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भाषा

चंदन, राजेंद्र रवि कांत


लेखक के बारे में