उप्र: पति की हत्या के मामले में पत्नी सहित तीन लोग गिरफ्तार
उप्र: पति की हत्या के मामले में पत्नी सहित तीन लोग गिरफ्तार
लखनऊ, 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसकी पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पत्नी अपने पति मेहराज के शव के पास वाली चारपाई पर सोई रही ताकि लोगों को यह लगे कि उसके पति पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने हमला किया था।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब मेहराज के पिता सुबह उसके घर गए और उसे चारपाई पर मृत पाया।
पुलिस ने बताया कि पिपलोटी कलां गांव का रहने वाला मेहराज पेशे से राजमिस्त्री था।
अमरोहा के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया, “29 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि हसनपुर थाना क्षेत्र के पिपलोटी कला गांव में मेहराज (35) नाम के एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है।”
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच के दौरान पता चला कि मेहराज के गले, हाथ और पैर पर चोट के निशान थे जबकि पास वाली चारपाई पर उसकी पत्नी रूही सो रही थी।
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में दर्ज शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
आनंद ने बताया कि रूही का पिछले पांच-छह साल से अपनी बहन के देवर फरमान के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और मेहराज को इस बारे में पता था।
उन्होंने बताया कि मेहराज के विरोध करने पर रूही ने उसकी हत्या की साजिश रची।
अधिकारी ने बताया कि रूही ने रविवार रात को मेहराज के खाने में नशीली दवा मिला दी, जिसके बाद रात 10 बजे फरमान (26) अपने दोस्त अदनान (21) के साथ वहां आया और उसने चाकू से मेहराज पर हमला कर दिया।
आनंद ने बताया कि रूही, उसके प्रेमी फरमान और उसके साथी अदनान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


