उप्र में एक से सात जुलाई तक होगा ‘वन महोत्सव’ का आयोजन

उप्र में एक से सात जुलाई तक होगा 'वन महोत्सव' का आयोजन

उप्र में एक से सात जुलाई तक होगा ‘वन महोत्सव’ का आयोजन
Modified Date: July 1, 2026 / 12:39 am IST
Published Date: July 1, 2026 12:39 am IST

लखनऊ, 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश का वन विभाग एक से सात जुलाई तक ‘वन महोत्सव’ का आयोजन करेगा। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत ‘आम बहार, आपके द्वार’ अभियान चलाया जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान के मुताबिक इस पहल के तहत पेड़ लगाने, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त माहौल बनाने और जन-जागरूकता फैलाने पर खास जोर दिया जाएगा।

मुख्य वन संरक्षक (प्रचार) अदिति शर्मा ने बताया कि एक से सात जुलाई तक पेड़ लगाने के बारे में जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए राज्य सरकार पेड़ लगाने, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और प्लास्टिक-मुक्त माहौल को बढ़ावा देने पर खास ध्यान दे रही है।

बयान के अनुसार ‘पौधरोपण महाअभियान 2026’ के तहत सरकार का मकसद लोगों को फल देने वाले पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए जंगल और पेड़ों के दायरे (ग्रीन कवर) के महत्व के बारे में जागरूक करना है।

अधिकारियों के मुताबिक इस पहल के तहत ‘वन महोत्सव’ के दौरान एक से सात जुलाई तक पूरे राज्य में ‘आम बहार, आपके द्वार’ नारे के साथ बड़े पैमाने पर ‘आम भंडारा’ आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके तहत हर विकास खंड में आम वितरण शिविर लगाए जाएंगे, जहां देसी और आम की अन्य किस्मों के पौधे बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोगों को इन पौधों को सही तरीके से लगाने और उनकी देखभाल करने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

भाषा सलीम अमित

अमित


लेखक के बारे में