वायु प्रदूषण के खिलाफ शुरू हुआ ‘वायु मित्र’ अभियान, डॉक्टर सूर्यकांत बने राष्ट्रीय संयोजक
वायु प्रदूषण के खिलाफ शुरू हुआ 'वायु मित्र' अभियान, डॉक्टर सूर्यकांत बने राष्ट्रीय संयोजक
लखनऊ, चार जून (भाषा) देश में बढ़ते वायु प्रदूषण और उससे उत्पन्न गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘वायु मित्र अभियान’ शुरु किया गया है और लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ‘रेस्पिरेटरी मेडिसिन’ विभाग के प्रमुख डॉक्टर सूर्यकांत को इस अभियान का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
‘लंग केयर फाउंडेशन’ ने यह अभियान शुरू किया है। उसके संस्थापक न्यासी डॉक्टर अरविंद कुमार ने बुधवार को डॉक्टर सूर्यकांत को इस मुहिम का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है।
सूर्यकांत ने बताया कि यह अभियान स्वच्छ वायु को प्रत्येक नागरिक का अधिकार मानते हुए जनभागीदारी, जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन तथा नीति समर्थन के माध्यम से ‘स्वच्छ वायु–स्वस्थ जीवन’ के लक्ष्य को साकार करने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार वायु प्रदूषण प्रतिवर्ष दुनिया में लगभग 70 लाख और भारत में 20 लाख मौतों का कारण बनता है तथा भारत के कई शहर विश्व के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हैं, जहां पीएम2.5 और पीएम10 जैसे सूक्ष्म कणों का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
सूर्यकांत ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अनेक शहर भी इस चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण केवल पर्यावरणीय समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर स्वास्थ्य आपदा है।
उन्होंने कहा कि वायु मित्र अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ वायु और स्वस्थ पर्यावरण के लिए जागरूक बनाना है तथा यह अभियान लोगों को सीखने और सिखाने, अपने विचार साझा करने एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करता है।
सूर्यकांत ने कहा कि प्रत्येक वायु मित्र स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान में शामिल करेगा तथा अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और निगरानी पर विशेष बल दिया जाएगा।
भाषा सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


