वोविनाम भारत-वियतनाम संबंधों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम : राजनाथ
वोविनाम भारत-वियतनाम संबंधों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम : राजनाथ
लखनऊ, छह जून (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शनिवार को यहां कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भेंट की। एक बयान में यह जानकारी दी गई।
राजनाथ सिंह ने इस मौके पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि “वोवीनाम खेल भारत और वियतनाम के बीच पारस्परिक संबंधों को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है।’
बयान के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल में ख्वाजा मोइनुद्दीन भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति अजय तनेजा, वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन टेक्निकल कमेटी के डायरेक्टर एवं वियतनामी प्रशिक्षक मास्टर हुईन खैक गुयेन, कोच मास्टर फाम ची थिन्ह, एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शंकर महाबले (महाराष्ट्र), टेक्निकल डायरेक्टर देवेन मोएरंथम (मणिपुर), संयुक्त सचिव विनोद लखेरा, बृजेश कुमार भाऊ (जम्मू-कश्मीर), ऋषि पाल भारती, देवेंद्र सिंह रावत और विनम्र गर्ग शामिल थे।
इस मुलाकात के दौरान प्रवीण गर्ग ने रक्षा मंत्री को लखनऊ में जारी सात दिवसीय नेशनल टेक्निकल सेमिनार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ख्वाजा मोइनुद्दीन भाषा विश्वविद्यालय में आयोजित इस सेमिनार में 21 प्रदेशों के सीनियर खिलाड़ी और मास्टर्स वियतनामी प्रशिक्षकों की देखरेख में विशेष प्रशिक्षण ले रहे हैं।
रक्षा मंत्री सिंह ने अंतरराष्ट्रीय वोवीनाम फेडरेशन की देखरेख में लखनऊ में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘वोवीनाम अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। वियतनाम दौरे के दौरान मैंने वहां वियतनामी मार्शल आर्ट का अद्भुत प्रदर्शन देखा था।”
सिंह ने कहा कि “वोवीनाम खेल भारत और वियतनाम के बीच पारस्परिक संबंधों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।’
उन्होंने भारत में खेल के प्रचार-प्रसार के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही नवंबर में कंबोडिया में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को पुष्पगुच्छ, वोवीनाम अंग वस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किए।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित

Facebook


