चंदौली के अस्पताल में महिला की गोली मारकर हत्या, भीड़ ने आरोपी को दबोचा
चंदौली के अस्पताल में महिला की गोली मारकर हत्या, भीड़ ने आरोपी को दबोचा
चंदौली, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी को भीड़ ने दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल ने बताया कि मृतक महिला की पहचान लक्ष्मीना देवी (55) के रूप में हुई है, जो बिहार के भभुआ की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि पैर की हड्डी टूटने के बाद लक्ष्मीना का अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था।
पटेल के अनुसार, इलाज के नाम पर सुबह करीब 6:30 बजे अस्पताल आया एक व्यक्ति दवा लेने के बाद वॉर्ड में पहुंच गया और वहां भर्ती लक्ष्मीना को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पटेल ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में गोली चलाते हुए वॉर्ड से भाग निकला। हालांकि, उन्होंने बताया कि बाहर मौजूद भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
पटेल के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपी के पास से एक बंदूक बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है।
पटेल के अनुसार, अब तक की पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अमृतसर निवासी गुरुप्रीत के रूप में बताई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी का कहना है कि वह सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने के लिए चंदौली आया था।
पटेल ने बताया कि लक्ष्मीना देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
भाषा
सं जफर मनीषा पारुल
पारुल

Facebook


