हरदोई में दो भाइयों के विवाद में छोटे भाई ने आत्मदाह किया
हरदोई में दो भाइयों के विवाद में छोटे भाई ने आत्मदाह किया
हरदोई (उप्र), 23 मई (भाषा) हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के नरोईया गांव में शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल ले जाने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने कथित तौर पर आत्मदाह करके जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक बड़े भाई ने गुस्से में बाइक में आग लगा दी थी, जिससे नाराज छोटे भाई ने कथित तौर पर स्वयं पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नरोईया गांव निवासी गंगाराम की नरोईया पुलिया के पास परचून और मिठाई की दुकान है। पुलिस ने बताया कि गंगाराम के चार बेटों- शेरू, साजन, विकास और निखिल (18) में निखिल सबसे छोटा था। पुलिस ने बताया कि गंगाराम 20 मई को पूर्णागिरि तीर्थयात्रा पर गए थे। पुलिस के अनुसार साजन और विकास बेंगलुरु में काम करते हैं, जबकि शेरू के साथ निखिल दुकान संभालता था।
पुलिस के मुताबिक निखिल शुक्रवार शाम करीब चार बजे दुकान पर बैठा था। तभी बड़ा भाई शेरू गांव वाले घर से बाइक लेकर दुकान पर आया। पुलिस के अनुसार आरोप है कि वह नशे में था और बाइक पुवायां ले जाने की जिद करने लगा, निखिल ने पिता के मना करने की बात कहकर बाइक देने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस पर दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई और निखिल के मना करने पर शेरू ने दुकान से पेट्रोल निकालकर बाइक पर छिड़क दिया और आग लगा दी, बाइक धू-धू कर जलने लगी। पुलिस ने बताया कि निखिल ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की तो शेरू ने उसे रोक दिया, गुस्से में निखिल ने शेरू के सिर पर पानी की बाल्टी मार दी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद निखिल दुकान से दो बोतल पेट्रोल लाया और बाइक के पास आकर कथित तौर पर अपने ऊपर उड़ेल लिया। पुलिस ने बताया कि आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तत्काल अतरौली सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संडीला के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में शेरू के शराब पिए होने की बात सामने आई है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी अमित
अमित

Facebook


