रायपुर: लोकसभा चुनाव के चार चरण पूरे होने के साथ ही मतदान का आधा दौर खत्म हो चुका है, वहीं छत्तीसगढ़ में पहले तीन चरणों में मतदान संपन्न हो चुका है। छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान कार्टून पॉलिटिक्स देखने को मिली, चुनाव खत्म होने के बाद भी ये सिलसिला थमा नहीं है। देश में इस वक्त हिंदू-मुसलमान के मुद्दे पर जोरदार सियासी संग्राम देखने को मिल रहा है, इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भाजपा ने एक कार्टून वीडियो जारी किया है जिसमें वो कांग्रेस को जिहादियों का साथ देने वाली पार्टी बताया जा रहा है, तो कांग्रेस भी भाजपा को मुद्दाविहीन बताते हुए पलटवार कर रही है। ऐसे में सवाल ये है कि क्या देश में सिर्फ हिंदू-मुसलमान ही एक मुद्दा है।
चुनाव हो और हिंदू-मुसलमान और पाकिस्तान मुद्दा ना हो, ऐसा भला कैसे संभव है। विपक्ष तो भाजपा पर ये आरोप लगाता ही आया है कि वो बुनियादी मुद्दे को दरकिनार करके धार्मिक और कथित राष्ट्रवाद के मुद्दे पर मतदाताओं को प्रभावित करती है। इस लोकसभा चुनाव में भी हिंदू-मुसलमान का मुद्दा काफी गरम है। इस बीच छत्तीसगढ़ बीजेपी ने एक बार फिर एक कार्टून जारी किया है जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया X पर जारी वीडियो में कार्टून के साथ टैग लिखा है कांग्रेस का हाथ जिहादियों के साथ।
छत्तीसगढ़ भाजपा की ओर से जारी इस वीडियो पर कांग्रेस तमतमा गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने वीडियो को स्तरहीन बताया और कहा कि 10 साल सरकार चलाने के बाद भी भाजपा के पास मुद्दे नहीं है इसलिए पीएम से लेकर हर भाजपा नेता धर्म के नाम पर सियासत कर रहे हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि कांग्रेस नेता जैसे जिहादियों जैसा बयान देते हैं। कांग्रेस संविधान का विरोध करती है ष
दरअसल इस चुनाव में इन मुद्दों को हवा तब मिली जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान के तीसरे चरण से पहले आरक्षण और संपत्ति के सर्वे मामले पर विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए उस पर करारा हमला बोला।
एक तरफ प्रधानमंत्री कहते हैं कि वो हिंदू-मुसलमान की सियासत नहीं करते और केंद्र की योजनाओं का लाख हर वर्ग के लोगों तक पहुंचाते हैं, वहीं वो चुनावी सभी के दौरान आरक्षण और संपत्ति के मसले पर विपक्ष को मुसलमान परस्त बताते भी नजर आते हैं.. दूसरी ओर पार्टी इन कार्टून्स के जरिए एक नैरेटिव सेट करने की कोशिश करती नजर आती है। कुल मिलाकर लाख दावों के बाद भी चुनाव में हिदू- मुसलमान बाकी सारे मुद्दों पर हावी दिखता है।