ओमान तट के निकट इंजन में खराबी के बाद जहाज से भारतीय चालक दल के 11 सदस्यों को निकाला गया
ओमान तट के निकट इंजन में खराबी के बाद जहाज से भारतीय चालक दल के 11 सदस्यों को निकाला गया
दुबई, 14 जून (भाषा) मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक जहाज के इंजन में खराबी आने के बाद भारतीय चालक दल के 11 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दूतावास ने बताया कि तीन अन्य सदस्यों को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
दूतावास के मुताबिक, यह घटना भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज ‘विराट 1’ पर हुई।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया, ‘‘समुद्र में चलाए जा रहे समन्वित और लगातार जारी बचाव अभियान के तहत एमएससी विराट-1 पर सवार चालक दल के 14 सदस्यों में से 11 को सुरक्षित बचा लिया गया है और उन्हें एमवी जबल अली-9 जहाज पर पहुंचा दिया गया है।’’
दूतावास ने बताया, ‘‘चालक दल के बाकी बचे सदस्यों को बचाने का अभियान भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।’’
दूतावास ने इससे पहले पोस्ट में बताया था, ‘‘यह सामने आया है कि जहाज के इंजन में खराबी आ गई है और चालक दल को अंततः सुरक्षित रूप से ‘लाइफ राफ्ट’ में पहुंचाया गया है। ओमान के अधिकारियों के सहयोग से बचाव अभियान जारी है तथा उसमें आसपास मौजूद जहाज सहायता पहुंचा रहे हैं।’’
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह घटना हुई है।
पिछले सप्ताह ओमान के तट पर तब तनाव की स्थिति देखने को मिली थी, जब क्षेत्र में भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले तीन जहाज अमेरिकी हमले की चपेट में आ गये।
इनमें से एक में सवार तीन नाविकों की मौत हो गई थी।
भारत ने शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया था और उनसे कहा था कि ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के “घातक और जानलेवा” हमले अस्वीकार्य हैं।
भारत ने कहा था कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


