ओमान तट के निकट भारतीय ध्वज वाले जहाज के डूबने के बाद चालक दल के 14 सदस्यों को बचाया गया
ओमान तट के निकट भारतीय ध्वज वाले जहाज के डूबने के बाद चालक दल के 14 सदस्यों को बचाया गया
दुबई/नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) ओमान के तट के निकट यांत्रिक खराबी के कारण भारतीय ध्वज वाले एक जहाज के डूब जाने की घटना हुई, और रविवार को चालक दल के सभी 14 सदस्यों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि बचाये गये चालक दल के सभी 14 सदस्य “सुरक्षित हैं और उनका स्वास्थ्य ठीक है।” उसने बताया कि उन्हें एक जहाज पर स्थानांतरित कर दिया गया है, जो मुंबई की ओर जा रहा है।
मुंबई जा रहा यह जहाज, ‘एमवी जबल अली’ एक मालवाहक जहाज बताया जा रहा है।
मिशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारतीय ध्वज वाले ‘एमएसवी विराट 1’ से संबंधित बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। चालक दल के सभी 14 सदस्यों को बचा लिया गया है और वे वर्तमान में ‘जबल अली 9’ जहाज पर सवार हैं, जो मुंबई की ओर जा रहा है। चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और उनका स्वास्थ्य ठीक है।’’
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह जहाज ‘‘यांत्रिक खराबी’’ के कारण डूब गया।
इससे पहले मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा था, ‘‘यह सामने आया है कि जहाज के इंजन में खराबी आ गई है और चालक दल को अंततः सुरक्षित रूप से ‘लाइफ राफ्ट’ में पहुंचाया गया है। ओमान के अधिकारियों के सहयोग से बचाव अभियान जारी है तथा उसमें आसपास मौजूद जहाज सहायता पहुंचा रहे हैं।’’
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह घटना हुई है।
पिछले सप्ताह ओमान के तट पर तब तनाव की स्थिति देखने को मिली थी, जब क्षेत्र में भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले तीन जहाज अमेरिकी हमले की चपेट में आ गये।
इनमें से एक में सवार तीन नाविकों की मौत हो गई थी।
भारत ने शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया था और उनसे कहा था कि ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के “घातक और जानलेवा” हमले अस्वीकार्य हैं।
भारत ने कहा था कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


