इस्लामिक स्टेट से जुड़े 19 ऑस्ट्रेलियाई नागरिक आस्ट्रेलिया पहुंचे
इस्लामिक स्टेट से जुड़े 19 ऑस्ट्रेलियाई नागरिक आस्ट्रेलिया पहुंचे
मेलबर्न, 26 मई (एपी) सीरिया में इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़ीं 19 ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं और बच्चों को लेकर दो विमान मंगलवार को मेलबर्न और सिडनी में उतरे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया सरकार ने चेतावनी दी थी कि लौटने वालों को आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।
सरकार ने इससे पहले पुष्टि की थी कि सात महिलाएं और 12 बच्चे कतर एयरवेज की उड़ानों से स्वदेश लौट रहे हैं। इससे पहले इसी तरह की परिस्थितियों में फंसे 13 लोगों का एक समूह करीब तीन सप्ताह पहले ऑस्ट्रेलिया के दो सबसे बड़े शहरों में लौट चुका है।
पुलिस और खुफिया एजेंसी के संयुक्त बयान के अनुसार, सात बच्चे और दो महिलाएं मेलबर्न पहुंचीं। लगभग एक घंटे बाद छह बच्चे और चार महिलाएं सिडनी उतरीं।
बयान में कहा गया है कि आगमन पर किसी पर भी आरोप नहीं लगाए गए, लेकिन सीरिया में उनकी गतिविधियों की जांच जारी थी। पहले स्वदेश लौटी चार महिलाओं में से तीन पर गुलामी और आतंकवाद के आरोप लगाए गए हैं और वे अभी भी जेल में हैं।
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने कहा कि देश लौटने वाले 19 लोगों में जो भी अपराध संबंधी गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एक बयान में कहा, “सरकार ने इस समूह को किसी भी तरह की सहायता नहीं दी है और न ही देगी।”
उन्होंने कहा, “इन लोगों ने एक खतरनाक आतंकवादी संगठन में शामिल होने और अपने बच्चों को एक असहनीय स्थिति में डालने का भयावह विकल्प चुना था।”
एपी अमित नरेश
नरेश

Facebook


