ईरानी चालक दल के 22 और सदस्यों की होगी वतन वापसी: डार

ईरानी चालक दल के 22 और सदस्यों की होगी वतन वापसी: डार

ईरानी चालक दल के 22 और सदस्यों की होगी वतन वापसी: डार
Modified Date: June 26, 2026 / 10:14 pm IST
Published Date: June 26, 2026 10:14 pm IST

इस्लामाबाद, 26 जून (भाषा) अमेरिकी अधिकारियों द्वारा कब्जे में किए गए एक टैंकर के ईरानी चालक दल के 22 और सदस्य अपने वतन लौटने के लिए पाकिस्तान पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ये सभी एम/टी डेविना नामक जहाज पर सवार थे, जिसे 13 अप्रैल को नाकेबंदी लागू किए जाने के बाद अमेरिकी सुरक्षाबलों ने अपने कब्जे में ले लिया था।

डार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि चालक दल के 22 सदस्यों को वापस वतन भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी जल्द और सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान में स्थित ईरानी मिशन के साथ करीबी समन्वय में आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।’’

डार ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पाकिस्तान अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहा। डार ने यह भी बताया कि पिछले दो महीनों में पाकिस्तान की मदद से वापस लौटने वाले ईरानी चालक दल का यह चौथा समूह है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक हम पाकिस्तानी क्षेत्र के माध्यम से 70 से अधिक ईरानी नागरिकों (आज के 22 लोगों के समूह सहित) की स्वदेश वापसी में सहायता कर चुके हैं।’’

डार ने पाकिस्तान पर भरोसा जताने के लिए ईरान का आभार भी व्यक्त किया।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई है और मानवीय सहायता संबंधी प्रयासों में भी सहयोग दिया है।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में