इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमले में 31 लोगों की मौत, 169 घायल
इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमले में 31 लोगों की मौत, 169 घायल
(फोटो सहित)
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, छह फरवरी (भाषा) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक आत्मघाती हमलावर द्वारा खुद को विस्फोट में उड़ा लेने से कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह भीषण विस्फोट इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में हुआ।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर को इमामबाड़ा के द्वार पर रोक लिया गया था, लेकिन उसने खुद को विस्फोट में उड़ा लिया।
जिला प्रशासन के प्रवक्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि विस्फोट में कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 अन्य घायल हो गए। फिलहाल किसी भी समूह ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।
हालांकि, पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावर एक विदेशी नागरिक था और उसके संबंध ‘फितना अल ख्वाराजी’ से थे। यह शब्द तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
इससे पहले, इस्लामाबाद के उपायुक्त इरफान नवाज मेमन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि विस्फोट में 80 से अधिक लोग घायल हुए, जबकि 15 शवों को विभिन्न अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
बचाव टीम और पुलिस हमले वाली जगह पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। राजधानी के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई।
सेना के जवानों और रेंजर्स ने इलाके को घेर लिया है और विस्फोट स्थल के आसपास सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव पाकिस्तान के दौरे पर हैं। वह बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर पहुंचे।
इस घटना से कुछ महीने पहले इस्लामाबाद में जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के बाहर हुए एक आत्मघाती विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सीनेट में विपक्ष के नेता अल्लामा राजा नासिर अब्बास ने इस हमले की निंदा की।
जरदारी ने कहा, ‘‘निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है।’’
इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए अब्बास ने कहा कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना मानवता, धर्म और सामाजिक मूल्यों पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट की प्रकृति की जांच की जा रही है, लेकिन विस्फोट आत्मघाती हमला प्रतीत होता है।
गृह राज्य मंत्री तलल चौधरी ने इस्लामाबाद स्थित ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस’ (पीआईएमएस) अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की।
संसदीय कार्य मंत्री तारिक फजल चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए जानमाल की हानि पर दुख व्यक्त किया।
मंत्री ने कहा, ‘‘इस तरह के आतंकवादी कृत्य देश के मनोबल को कमज़ोर नहीं कर सकते। इस समय की सबसे बड़ी आवश्यकता यह है कि हम सभी शांति, सहिष्णुता और स्थिरता के लिए एकजुट हों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ एकजुटता व्यक्त करें।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


