बीजिंग में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चीनी नागरिक शामिल हुए

बीजिंग में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चीनी नागरिक शामिल हुए

बीजिंग में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चीनी नागरिक शामिल हुए
Modified Date: June 19, 2026 / 03:15 pm IST
Published Date: June 19, 2026 3:15 pm IST

बीजिंग, 19 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले, शुक्रवार को यहां भारतीय दूतावास परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चीनी नागरिकों ने हिस्सा लिया।

भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में एक हजार से ज़्यादा लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें ज़्यादातर चीनी नागरिक थे।

पिछले कुछ दशकों में चीन में योग बहुत लोकप्रिय हो गया है और ज़्यादातर चीनी शहरों में भारतीय प्रशिक्षक वाले योग प्रशिक्षण संस्थान तेज़ी से फल-फूल रहे हैं।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने कहा कि लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी योग की बढ़ती लोकप्रियता और इसकी सार्वभौमिक अपील को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस बात की विशेष खुशी है कि चीन में योग के चाहने वालों और इसे करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षकों, संस्थानों और उत्साही लोगों के प्रयासों से, यह हमारे लोगों और संस्कृतियों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बन गया है।’’

इस वर्ष की थीम ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ आज के समय में विशेष रूप से प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और चीन समेत दुनिया भर के समाज जब बदलती आबादी की संरचना के हिसाब से खुद को ढाल रहे हैं, तो योग निरोग रहने में अहम भूमिका निभा सकता है। यह जीवन के हर पड़ाव पर शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक सेहत और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का एक आसान और सुलभ तरीका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमें इस बात की समझ देता है कि हम कैसे जीवन जीते हैं, खुद से किस तरह जुड़ते हैं और अपने दैनिक जीवन में संतुलन कैसे विकसित करते हैं।’’

संयुक्त राष्ट्र ने 2014 में योग की वैश्विक लोकप्रियता को मान्यता देते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में