सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी को यूएस आर्मी वॉर कॉलेज के ‘इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया
सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी को यूएस आर्मी वॉर कॉलेज के ‘इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 24 अप्रैल (भाषा) भारत के थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अमेरिका के पेनसिल्वेनिया स्थित यूएस आर्मी वॉर कॉलेज के ‘इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया है। वह यह सम्मान पाने वाले तीसरे भारतीय सेना प्रमुख हैं।
यूएस आर्मी वॉर कॉलेज के विशिष्ट फेलो जनरल द्विवेदी, जनरल वी.के. सिंह और जनरल बिक्रम सिंह के बाद इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के तीसरे प्रमुख हैं।
भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अमेरिका के आर्मी वॉर कॉलेज, कार्लाइल बैरक्स का दौरा किया, जहां उन्हें इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। यह सम्मान पाने वाले वह जनरल वी.के. सिंह और जनरल बिक्रम सिंह के बाद तीसरे भारतीय सेना प्रमुख हैं।’’
अमेरिका यात्रा पर गए जनरल द्विवेदी ने कॉलेज के संकाय सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय छात्र अधिकारियों को नेतृत्व, पेशेवर सैन्य शिक्षा और बदलती सुरक्षा परिस्थितियों पर भी संबोधित किया।
इस प्रतिष्ठित कॉलेज के पूर्व छात्र जनरल द्विवेदी ने वहां के प्रमुख केंद्रों का दौरा किया और शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस सप्ताह की शुरुआत में सेना प्रमुख ने अपनी अमेरिका यात्रा हवाई से शुरू की थी, जहां उन्हें ‘यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी पैसिफिक’ के मुख्यालय फोर्ट शाफ्टर में गारद सलामी दी गयी।
उन्होंने यूएस आर्मी पैसिफिक के कमांडिंग जनरल रोनाल्ड पी. क्लार्क और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। चर्चा का केंद्र भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को मजबूत करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना था।
भारतीय सेना ने कहा, ‘‘सेना प्रमुख ने ओआहू द्वीप का हवाई दौरा भी किया, जिससे उन्हें प्रशिक्षण तंत्र और बहु-आयामी परिचालन तैयारियों की जानकारी मिली।’’
सेना प्रमुख की यह यात्रा वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह और नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी की हालिया अमेरिका यात्राओं के तुरंत बाद हुई है, जो भारत और अमेरिका के बीच उच्चस्तरीय सैन्य आदान-प्रदान की निरंतरता को दर्शाती है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


