ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने एक व्यक्ति को नॉर्वे की राजकुमारी इंग्रिड से संपर्क करने से रोका

ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने एक व्यक्ति को नॉर्वे की राजकुमारी इंग्रिड से संपर्क करने से रोका

ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने एक व्यक्ति को नॉर्वे की राजकुमारी इंग्रिड से संपर्क करने से रोका
Modified Date: June 4, 2026 / 12:53 pm IST
Published Date: June 4, 2026 12:53 pm IST

मेलबर्न, चार जून (भाषा) ऑस्ट्रेलिया की एक अदालत ने 63 वर्षीय एक व्यक्ति पर दो वर्ष तक नॉर्वे की राजकुमारी इंग्रिड अलेक्जेंड्रा और उनके परिवार से किसी भी प्रकार का संपर्क करने पर रोक लगा दी है।

राजकुमारी इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के एक विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रही हैं।

डेविड जेम्स कुक बुधवार को अदालत में पेश हुए, जहां उनके खिलाफ दो वर्ष का ‘एप्रिहेंडेड वायलेंस ऑर्डर’ जारी किया गया। इस आदेश के तहत वह सिडनी विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर सकते, ऑनलाइन माध्यम से 22 वर्षीय राजकुमारी से संपर्क नहीं कर सकते और न ही उनसे या उनके परिवार के किसी सदस्य से मिल सकते हैं।

ऐसे आदेश किसी व्यक्ति को अन्य व्यक्ति के खिलाफ हिंसा, धमकी या उत्पीड़न करने से रोकने के लिए जारी किए जाते हैं।

कुक ने सिडनी स्थित न्यूटाउन कोर्ट हाउस से बाहर निकलते समय संवाददाताओं से कहा कि यह आदेश उस कार्ड की वजह से जारी किया गया, जो उन्होंने इंग्रिड को भेजा था। इंग्रिड नॉर्वे के सिंहासन की उत्तराधिकारी हैं।

कुक ने ‘नाइन न्यूज’ से कहा, ‘‘मैंने उन्हें सिर्फ दोस्ती के लिए एक कार्ड भेजा था। बस इतना ही। मैंने जानबूझकर उन्हें किसी तरह परेशान नहीं किया और न ही कभी करूंगा। वह एक अच्छी इंसान हैं। एक कार्यक्रम में उनसे मुलाकात हुई थी और उसके बाद मैंने कार्ड भेजा।’’

इंग्रिड पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया आई थीं और तब से सिडनी विश्वविद्यालय परिसर में रह रही हैं। वह यहां अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय में तीन वर्षीय पाठ्यक्रम कर रही हैं।

नॉर्वे के क्राउन प्रिंस हाकोन और क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट की पुत्री इंग्रिड हाल में ऑस्ट्रेलिया से नॉर्वे लौटी हैं। खबरों के अनुसार वह गंभीर रूप से बीमार अपनी मां को देखने के लिए लौटी हैं।

एपी खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में