राजकुमारी डायना से संबंधों की वजह से चर्चा में आए ब्रिटिश-पाकिस्तानी चिकित्सक हसनात खान स्वदेश लौटे
राजकुमारी डायना से संबंधों की वजह से चर्चा में आए ब्रिटिश-पाकिस्तानी चिकित्सक हसनात खान स्वदेश लौटे
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 23 अप्रैल (भाषा) दिवंगत ब्रिटिश राजकुमारी डायना के साथ अपने संबंधों की वजह से चर्चा में रहे ब्रिटिश-पाकिस्तानी चिकित्सक डॉ. हसनात खान स्वदेश लौट आए हैं।
डॉ. खान को लाहौर के सरकारी जिन्ना इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बृहस्पतिवार को पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने देशवासियों की सेवा के लिए इंग्लैंड से लौटने पर हसनात की सराहना की। इस मुलकात के दौरान डॉ.खान और मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने नवनिर्मित जिन्ना इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी के प्रशासनिक मामलों पर चर्चा की।
वर्ष 1958 में पंजाब के झेलम में जन्मे डॉ. खान ने अपनी प्रारंभिक चिकित्सा शिक्षा किंग एडवर्ड मेडिकल कॉलेज से प्राप्त की थी। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन चले गए थे।
डॉ.खान ने लंदन के रॉयल ब्रॉम्पटन अस्पताल में एक हृदय सर्जन के रूप में कई वर्षों तक काम किया। यह अस्पताल ब्रिटेन में हृदय और फेफड़ा रोग का एक प्रमुख संस्थान है।
डॉ. खान 1995 में तब अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आए, जब राजकुमारी डायना एक मरीज से मिलने रॉयल ब्रॉम्पटन अस्पताल पहुंचीं और वहीं उनकी मुलाकात डॉ. खान से हुई।
उनके संबंधों की चर्चाओं ने दुनिया भर में सुर्खियां बटोरीं और यह राजकुमारी डायना के निजी जीवन के सबसे चर्चित अध्यायों में से एक माना जाता है।
वर्ष 2013 की जीवनी पर आधारित फिल्म ‘डायना’ में उनके जीवन के अंतिम दो वर्षों और डॉ. खान के साथ उनके गुप्त प्रेम संबंधों को दर्शाया गया है।
भाषा सुमित धीरज
धीरज

Facebook


