कनाडा और यूएई ने दिल्ली अग्निकांड पर दुख जताया

कनाडा और यूएई ने दिल्ली अग्निकांड पर दुख जताया

कनाडा और यूएई ने दिल्ली अग्निकांड पर दुख जताया
Modified Date: June 4, 2026 / 04:26 pm IST
Published Date: June 4, 2026 4:26 pm IST

टोरंटो, चार जून (भाषा) कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने नई दिल्ली में आग लगने की घटना पर दुख जताया है, जिसमें 12 विदेशियों समेत कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।

बुधवार को दक्षिण दिल्ली की एक इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई। इनमें से ज़्यादातर विदेशी थे जो या तो खुद के इलाज या अपने मरीज़ों के साथ आए थे।

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नई दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कम से कम 21 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।’’

आनंद ने कहा, ‘‘कनाडा इस मुश्किल समय में भारत के साथ खड़ा है, और मैं प्रभावित लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

उन्होंने कहा कि वह कनाडा की तरफ से एकजुटता दिखाने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर के संपर्क में हैं।

यूएई के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इस हादसे पर मृतकों के परिवारों और भारत सरकार तथा लोगों के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति जताई।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने नई दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में आग लगने के बाद भारत के साथ अपनी एकजुटता दिखाई है, जिसमें कई लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए हैं।’’

बयान के मुताबिक, यूएई ने घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की है।

भाषा वैभव पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में