पाकिस्तान के कराची में कांगो वायरस से बच्चे की मौत

पाकिस्तान के कराची में कांगो वायरस से बच्चे की मौत

पाकिस्तान के कराची में कांगो वायरस से बच्चे की मौत
Modified Date: April 23, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: April 23, 2026 8:33 pm IST

कराची, 24 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान में बृहस्पतिवार को कराची शहर के एक अस्पताल में कांगो विषाणु से संक्रमित 17 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। स्वास्थ्य संबंधी अधिकारियों ने बताया कि यह इस साल इस विषाणु से होने वाली पहली मौत है।

‘सिंध इन्फेक्शियस डिजीजेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर'(सिंध संक्रामक रोग अस्पताल और अनुसंधान केंद्र) के निदेशक डॉ. अब्दुल वाहिद राजपूत ने कहा, ‘पीड़ित नाबालिग लड़के की आज मौत हो गई। सोमवार को जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उसे तेज बुखार था।’

उन्होंने बताया, ‘उसके रक्त के नमूने को जांच के लिए ‘आगा खान विश्वविद्यालय अस्पताल’ भेजा गया है। मरीज में कांगो विषाणु की पुष्टि होने के बाद उसे इलाज के लिए मंगलवार को ‘सिंध इन्फेक्शियस डिजीजेज़ हॉस्पिटल’ में स्थानांतरित कर दिया गया था।’

राजपूत ने कहा कि पशुपालन केंद्र में काम करने वाले पीड़ित में ‘क्रीमियन-कांगो हेमोरेजिक फीवर’ (सीसीएचएफ) के लक्षण का पता लगने के बाद उसे एकांत वार्ड में रखा गया था।

कांगो वायरस एक संक्रामक बीमारी है जो इंसानों में गंभीर रक्तस्रावी बुखार का कारण बन सकती है।

यह संक्रमण मुख्य रूप से संक्रमित किलनी, विशेष रूप से हयालोमा प्रजाति की किलनी के काटने से या संक्रमित जानवरों के रक्त या ऊतकों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है।

यह संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से भी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है।

इसके वाहक किलनी की व्यापक मौजूदगी के कारण सीसीएचएफ बड़े भौगोलिक क्षेत्र को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि कांगो वायरस से यह पहली मौत है और अगले महीने ईद-उल-अजहा का त्योहार होने के चलते कराची के स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में