भारत-अमेरिका संबंधों के मजबूत भविष्य पर चर्चा: ट्रंप से मुलाकात के बाद अमेरिकी राजनयिक गोर

भारत-अमेरिका संबंधों के मजबूत भविष्य पर चर्चा: ट्रंप से मुलाकात के बाद अमेरिकी राजनयिक गोर

भारत-अमेरिका संबंधों के मजबूत भविष्य पर चर्चा: ट्रंप से मुलाकात के बाद अमेरिकी राजनयिक गोर
Modified Date: April 8, 2026 / 12:08 pm IST
Published Date: April 8, 2026 12:08 pm IST

वाशिंगटन, आठ अप्रैल (भाषा) नयी दिल्ली में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भारत-अमेरिका संबंधों के “मजबूत भविष्य” के निर्माण के तरीकों पर चर्चा की।

गोर ने मंगलवार को ट्रंप के साथ रात्रिभोज पर मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब अमेरिका और ईरान लगभग छह सप्ताह तक चले सैन्य संघर्ष के बाद दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत हुए हैं।

गोर ने वैश्विक स्थिरता लाने के प्रति ट्रंप की अटूट प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “अभी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ शानदार रात्रिभोज किया। हमने वैश्विक स्थिरता लाने के उनके अटूट संकल्प, उनके कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों, भारत-अमेरिका संबंधों के मजबूत भविष्य और कई अन्य विषयों पर चर्चा की। यह एक बेहद यादगार शाम रही।”

यह रात्रिभोज ऐसे समय हुआ है जब विदेश सचिव विक्रम मिसरी बुधवार को वॉशिंगटन डीसी पहुंचे, जहां वह द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे और पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट पर चर्चा करेंगे।

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश अनिश्चितता और तनाव के दौर के बाद संबंधों को स्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। अमेरिका द्वारा भारत पर शुल्क लगाए जाने और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव को कम कराने में अपनी भूमिका को लेकर विवादास्पद बयान देने के बाद द्विपक्षीय संबंधों में गिरावट आई थी।

गोर ने इससे पहले अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक से भी मुलाकात की और दोनों देशों के लिए व्यापारिक रोडमैप तथा 1.4 अरब की आबादी वाले भारतीय बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए खोलने पर चर्चा की।

गोर ने कहा कि उन्होंने लुटनिक के साथ एक नए समझौता ज्ञापन पर भी चर्चा की, जिसका उद्देश्य भारत की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षमता को अमेरिकी एआई परिवेशी तंत्र से जोड़ना है।

उनके अनुसार, नयी दिल्ली की यहां होने वाले आगामी ‘सलेक्टयूएसए’ सम्मेलन में मजबूत भागीदारी पर भी बातचीत हुई।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में