रोमानिया सीमा पार करने के बाद बुल्गारिया में गैस पाइपलाइन के निकट ड्रोन विस्फोट

Ads

रोमानिया सीमा पार करने के बाद बुल्गारिया में गैस पाइपलाइन के निकट ड्रोन विस्फोट

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 10:45 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 10:45 PM IST

सोफिया (बुल्गारिया), आठ अगस्त (एपी) बुल्गारिया के हवाई क्षेत्र में शनिवार को घुसे एक ड्रोन में रोमानिया की सीमा पार करने के कुछ देर बाद एक अंतरराष्ट्रीय गैस पाइपलाइन के निकट विस्फोट हो गया। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई नुकसान हुआ।

बुल्गारियाई रक्षा मंत्रालय ने बाद में कहा कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह ड्रोन यूक्रेनी सशस्त्र बलों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोन जैसा है और यह घटना संभवतः दुर्घटनावश हुई।

बुल्गारिया और रोमानिया दोनों ही नाटो तथा यूरोपीय संघ के सदस्य देश हैं।

बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने कहा कि ड्रोन विस्फोट शनिवार तड़के करीब पांच बजे बुल्गारिया के क्षेत्र में लगभग 100 मीटर अंदर हुआ। इसे रोमानिया या बुल्गारिया के हवाई क्षेत्र से गुजरते समय न तो पहचाना जा सका और न ही इसका पता लगाया जा सका।

रादेव ने सरकार की आपात बैठक के बाद कहा, ‘‘किसी के हताहत होने या इमारतों को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। हम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।’’

शुरू में यह स्पष्ट नहीं था कि ड्रोन कहां से आया या इसका संबंध रूस या यूक्रेन से है, लेकिन बाद में बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ‘‘मलबे की शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह संभवतः ‘माया’ डिकॉय ड्रोन है। इस तरह के ड्रोन का इस्तेमाल यूक्रेनी सेना बड़े पैमाने पर करती है।’’

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि यह घटना जानबूझकर की गई।’’

एपी

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल