एप्स्टीन फाइल: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ ने इस्तीफा दिया
एप्स्टीन फाइल: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ ने इस्तीफा दिया
लंदन, आठ फरवरी (एपी) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ ने यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन के साथ संबंधों के बावजूद अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत के रूप में पीटर मैंडेलसन की नियुक्ति को लेकर विवाद के बीच रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
प्रधानमंत्री के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ मॉर्गन मैकस्वीनी ने कहा कि वह 2024 में राजदूत के तौर पर मैंडेलसन (72) को नियुक्त करने के लिए स्टार्मर को सलाह देने की जिम्मेदारी लेते हैं।
मैकस्वीनी ने एक बयान में कहा, ‘‘पीटर मैंडेलसन को नियुक्त करने का निर्णय गलत था। उन्होंने हमारी पार्टी, हमारे देश और राजनीति में जनता के भरोसे को ठेस पहुंचाई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब पूछा गया, तो मैंने प्रधानमंत्री को उनकी नियुक्ति की सलाह दी थी और मैं उस सलाह की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं।’’
स्टार्मर को राजनीतिक तूफान का सामना करना पड़ रहा है और जारी नयी फाइल के बाद उनके फैसले पर सवाल उठाए जा रहे हैं। अमेरिका में सार्वजनिक की गई एप्स्टीन फाइल से संकेत मिलता है कि मैंडेलसन ने 2008 के वित्तीय संकट के दौरान ब्रिटेन सरकार के व्यापार सचिव के रूप में एप्स्टीन को संवेदनशील जानकारी भेजी थी।
स्टार्मर की सरकार ने मैंडेलसन की नियुक्ति से संबंधित अपने ईमेल और अन्य दस्तावेज जारी करने का वादा किया है। सरकार का कहना है कि इन दस्तावेजों से पता चलेगा कि मैंडेलसन ने अधिकारियों को गुमराह किया।
प्रधानमंत्री ने ‘मैंडेलसन के झूठ पर विश्वास करने’ के लिए इस सप्ताह माफ़ी मांगी। उन्होंने कहा कि जब मैंडेलसन को राजदूत नियुक्त किया गया था, तब ‘‘हममें से किसी को भी मैंडेलसन और एप्स्टीन के बीच संबंधों के बारे में पता नहीं था।’’
हालांकि कई सांसदों ने स्टार्मर से इस्तीफा देने की मांग की है। विपक्षी दल कंजर्वेटिव पार्टी की नेता केमी बडेनोच ने कहा, ‘स्टार्मर को अपने भयानक फैसलों की जिम्मेदारी लेनी होगी।’
एपी आशीष संतोष
संतोष

Facebook


