ब्रिटेन स्थित टाटा के इस्पात कारखाने में लगी आग
ब्रिटेन स्थित टाटा के इस्पात कारखाने में लगी आग
(अदिति खन्ना)
लंदन, चार जून (भाषा) ब्रिटेन के दक्षिण वेल्स स्थित टाटा के इस्पात कारखाने में बुधवार शाम को आग लग गई और श्रमिक संघ के मुताबिक आग से ‘काफी नुकसान हुआ है।
मिड एंड वेस्ट वेल्स अग्निशमन सेवा के मुताबिक पोर्ट टैलबोट स्थित कारखाने में आग लगने की सूचना बुधवार शाम को मिली और मौके पर कई दमकलकर्मियों को भेजा गया। अग्निशमन सेवा ने पुष्टि की कि घटनास्थल पर मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और उन्हें निकाल लिया गया है।
कंपनी ने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग को पूरी तरह से बुझाने के लिए स्थानीय टीम के साथ मिलकर काम कर रही हैं।
टाटा स्टील यूके ने बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया, ‘‘यह घटना कल (बुधवार) शाम को खाली पड़े बेकार गैस होल्डर को सुरक्षित और सफलतापूर्वक ध्वस्त करने से संबंधित नहीं है।’’
इसमें कहा गया, ‘‘हम स्थानीय स्तर पर मौजूद बचाव दलों और आपातकालीन सेवाओं को उनकी त्वरित और पेशेवर कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं।’’
यूनाइट वर्कर्स यूनियन की महासचिव शेरोन ग्राहम ने पुष्टि की कि श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग से कोई घायल नहीं हुआ।
ग्राहम ने कहा, ‘‘आग लगने से एक महत्वपूर्ण उत्पादन इकाई को काफी नुकसान पहुंचा है। अब टाटा और आपूर्ति शृंखला दोनों में किसी भी व्यवधान की अवधि के दौरान नौकरियों की सुरक्षा के लिए उपाय किए जाने चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच हम टाटा और सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह कर रहे हैं कि परिचालन को यथाशीघ्र बहाल किया जाए।’’
यूनाइट के वेल्स सचिव पीटर ह्यूजेस ने कहा कि यूनियन ‘‘पोर्ट टैलबोट और ब्रिटेन में टाटा के पूरे संचालन के दीर्घकालिक भविष्य को सुनिश्चित करने’’ के लिए कंपनी के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दुनिया के सबसे बड़े इस्पात कारखानों में टाटा स्टील यूके के नजदीक रहने वाले लोगों को खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई है। हालांकि, माना जा रहा है कि वायु गुणवत्ता पर गंभीर रूप से कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
साउथ वेल्स पुलिस ने कहा, ‘‘इलाके में धुएं के बड़े-बड़े गुबार दिखाई दे रहे हैं। निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें। कृपया इस क्षेत्र से दूर रहें और जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।’’
अक्टूबर 2024 में, टाटा स्टील ने अपने पोर्ट टैलबोट संयंत्र में लौह उत्पादन बंद कर दिया और 32 लाख टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस के निर्माण तक इस्पात उत्पादन को अस्थायी रूप से रोक दिया, जिसके 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में चालू होने की उम्मीद है।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


