उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में विस्फोट, एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में विस्फोट, एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
पेशावर, सात अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में मंगलवार को एक आईईडी विस्फोट में एक अधिकारी सहित कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह घटना अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में हुई, जिसमें एक पुलिस गश्ती वाहन को निशाना बनाया गया।
विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी पेशावर-कराची सिंधु राजमार्ग के बन्नू-डेरा इस्माइल खान खंड पर गश्त कर रहे थे।
जिला पुलिस के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह ने बताया कि यह हमला ‘फितना अल-खवारिज’ के आतंकियो द्वारा किया गया। फितना अल-खवारिज’ शब्द प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकवादियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल में आईईडी लगाया था, जो पुलिस वाहन के वहां से गुजरने के दौरान जोरदार धमाके के साथ फट गया।
प्रवक्ता के अनुसार, इस हमले में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) और चार कांस्टेबल घायल हुए हैं, तथा पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है।
घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस बल ने इलाके को घेर लिया और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जिला पुलिस अधिकारी नजीर खान ने आतंकवाद निरोधक विभाग और बम निरोधक दस्ते के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लक्की मरवत और खैबर पख्तूनख्वा के अन्य जिलों- बन्नू, पेशावर, करक और बजौर- में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है।
‘सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज’ के अनुसार, प्रांत में हिंसा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जहां मृतकों की संख्या 2024 के 1,620 से बढ़कर पिछले वर्ष 2,331 हो गई।
भाषा मनीषा सुरेश
सुरेश

Facebook


