विदेश सचिव मिसरी ने अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की

विदेश सचिव मिसरी ने अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की

विदेश सचिव मिसरी ने अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की
Modified Date: April 8, 2026 / 06:10 pm IST
Published Date: April 8, 2026 6:10 pm IST

(सागर कुलकर्णी)

(फोटो के साथ)

वाशिंगटन, आठ अप्रैल (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की, जहां वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर द्विपक्षीय व्यापार तथा रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे और पश्चिम एशिया के संकट समेत वैश्विक घटनाक्रम पर चर्चा करेंगे।

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने विदेश सचिव के आगमन पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि विदेश सचिव की इस यात्रा से भारत-अमेरिका साझेदारी के व्यापक दायरे की समीक्षा करने का मौका मिलेगा।

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सशर्त संघर्षविराम समझौते के कुछ घंटों बाद विदेश सचिव की यह यात्रा हो रही है।

क्वात्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मिसरी की यात्रा हमारे अमेरिकी भागीदारों के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी की समीक्षा करने और व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों के आदान-प्रदान समेत हमारे द्विपक्षीय एजेंडे के प्रमुख स्तंभों पर चर्चा को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है।’’

मिसरी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों पक्ष अनिश्चितता और तनाव के दौर के बाद संबंधों को स्थिर करने के लिए काम कर रहे हैं।

ऐसी खबरें हैं कि मिसरी की यात्रा के दौरान दोनों पक्ष प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श कर सकते हैं।

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा था, ‘‘यह दौरा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करने और प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा।’’

मंत्रालय ने कहा था कि विदेश सचिव अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापार, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम समेत कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में